स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में 27 भारतीय नाविकों को लेकर जा रहे पनामा-ध्वज वाले तेल टैंकर MT LOUISE 1 पर 30 अक्टूबर को हमला हुआ. समुद्री सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के अनुसार, टैंकर के बाहरी हिस्से पर दो लिंपेट माइंस चिपकाई गई थीं. धमाके के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और कुछ समय के लिए टैंकर की आवाजाही रुक गई.
केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि जहाज पर सवार सभी 27 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने या समुद्र में तेल फैलने की खबर नहीं है. चालक दल ने आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद टैंकर ने दोबारा सफर शुरू कर दिया.
एक दिन पहले दूसरे टैंकर पर भी हमला
मंत्री के अनुसार, 29 अक्टूबर को लाइबेरिया के झंडे वाले बड़े तेल टैंकर MT ARZANAH पर भी प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया था. इस जहाज पर दो भारतीय नागरिक सवार थे. दोनों घटनाओं को मिलाकर कुल 29 भारतीय नागरिक प्रभावित जहाजों पर मौजूद थे और सभी सुरक्षित बताए गए हैं. सरकार ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर रख रही है और जहाज प्रबंधन कंपनियों के संपर्क में है.
ब्रिटिश नौसेना से जुड़ी UKMTO की शुरुआती सलाह के मुताबिक, घटना ओमान के खासाब शहर से करीब 25 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में हुई. हमले के पीछे किसका हाथ है, यह स्पष्ट नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फरवरी में अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज में लिंपेट माइंस के इस्तेमाल से यह पहला सफल हमला बताया जा रहा है. सितंबर में इसी तरह के हमले की कोशिश नाकाम रहने की जानकारी भी सामने आई है.
