अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रही इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) को यूरोपीय संसद ने गुरुवार को सखारोव पुरस्कार से सम्मानित किया. यह यूरोपीय संघ का प्रमुख मानवाधिकार सम्मान है.

यूरोपीय संसद की प्रमुख रोबर्टा मेट्सोला ने पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ बहुपक्षवाद और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सम्मान पर आधारित है. उनके अनुसार, यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय कानून और न्याय को कायम रखने में ICC के महत्वपूर्ण काम को मान्यता देता है.

ICC ने पुरस्कार के लिए यूरोपीय संसद का आभार जताया. अदालत ने कहा कि यह सम्मान ऐसे समय मिला है, जब कोर्ट और उसके अधिकारियों को “अभूतपूर्व चुनौतियों” का सामना करना पड़ रहा है.

यह पुरस्कार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है, क्योंकि ICC पर अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच यूरोपीय संसद का समर्थन सामने आया है.