भारत ने संयुक्त राष्ट्र के 50 अन्य सदस्य देशों के साथ गाजा में मानवीय और स्वास्थ्य सहायता की पहुंच बेहतर बनाने के लिए जारी ‘कॉल टू एक्शन ऑन ह्यूमैनिटेरियन एक्सेस एंड हेल्थ इन गाजा’ का समर्थन किया है. यह पहल सर्दियों के करीब आने के बीच राहत सामग्री और चिकित्सा सहायता की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर केंद्रित है.

संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योज्ना पटेल ने जॉर्डन, कतर और ब्रिटेन की अगुवाई में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग में भाग लिया. भारतीय मिशन ने कहा कि गाजा में पीड़ित नागरिकों, खासकर महिलाओं और बच्चों तक सुरक्षित, निरंतर और बिना बाधा मानवीय सहायता पहुंचना जरूरी है.

भारत ने नागरिकों की सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं स्थिरता के लिए नए प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

संयुक्त बयान में भाग लेने वाले देशों ने इजरायल में चुनाव के बाद बनने वाली सरकार से पूरे गाजा में तेज और निर्बाध मानवीय पहुंच की अनुमति देने की अपील की. उन्होंने मिस्र और जॉर्डन के मानवीय गलियारों के संचालन में सहयोग तथा आश्रय सामग्री, ईंधन, पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी अतिरिक्त जरूरी वस्तुओं को मंजूरी देने की मांग की.

बयान में पूर्वी यरुशलम और वेस्ट बैंक के अस्पतालों तक उन मरीजों के लिए चिकित्सा रेफरल मार्ग बहाल करने की मांग भी दोहराई गई, जिनका इलाज गाजा में पर्याप्त रूप से संभव नहीं है.

देशों ने स्वास्थ्यकर्मियों, चिकित्सा केंद्रों और चिकित्सा परिवहन की सुरक्षा पर जोर देते हुए स्वास्थ्य एवं मानवीय सहायता कर्मियों पर हमलों की पारदर्शी आपराधिक जांच जल्द शुरू करने की अपील की. सर्दियों के लिए राहत प्रयासों में आश्रय, पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य सामग्री की आपूर्ति को प्राथमिकता देने की बात कही गई है.