भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिशों के बीच भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने मंगलवार को बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायून कबीर से मुलाकात की. यह मुलाकात ढाका स्थित विदेश मंत्रालय में हुई.

बैठक में दोनों देशों के साझा हितों और आपसी संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई. बातचीत को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा की तैयारियों और दोनों देशों के बीच संवाद बहाल करने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है.

बांग्लादेशी पक्ष के अनुसार, प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा तभी होगी जब दोनों देशों के बीच अनुकूल माहौल और पारस्परिक सम्मान बना रहे. इससे पहले व्यापार, सीमा हाट और भूमि बंदरगाहों से जुड़े मुद्दों पर भी संपर्क बढ़ाने की चर्चा हुई थी.

भारत और बांग्लादेश के संबंधों में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत में रहने और उनके प्रत्यर्पण की मांग को लेकर मतभेद बने हुए हैं. इसके बावजूद दोनों पक्ष व्यापार, लोगों के बीच संपर्क और कूटनीतिक संवाद को आगे बढ़ाने के संकेत दे रहे हैं.