भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत का छठा दौर नई दिल्ली में पूरा हो गया है. वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, यह वार्ता 11 से 20 नवंबर 2026 तक चली.

बातचीत में वस्तुओं के व्यापार, सेवाओं, मूल-नियम, व्यापार उपचार, बौद्धिक संपदा और निवेश प्रोत्साहन जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई. भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार डॉ. बृज मोहन मिश्रा ने किया, जबकि कनाडाई पक्ष की अगुवाई मुख्य वार्ताकार मैरी-कैथरीन स्पीयर्स ने की.

वार्ता की शुरुआत 11 नवंबर को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मैनिंदर सिद्धू की बैठक से हुई. दोनों मंत्रियों ने ऐसा समझौता करने पर जोर दिया, जो संतुलित हो और दोनों देशों को वास्तविक बाजार पहुंच उपलब्ध कराए.

दौर के समापन पर वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और कनाडा के उपमंत्री ग्लेन प्यूर्स ने बातचीत की प्रगति की समीक्षा की. दोनों पक्षों ने किसानों, उद्योगों, कारोबारियों और MSME के लिए अवसर बढ़ाने तथा आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई. बातचीत को 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य बरकरार है.