भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित Comprehensive Economic Partnership Agreement (CEPA) पर बातचीत का पांचवां दौर 5 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गया है. दोनों देशों ने वार्ता में तेजी लाने और समझौते को 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.

यह वार्ता दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की व्यापक कोशिश का हिस्सा है. सितंबर में भारत और कनाडा के अधिकारियों ने वार्ता को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी. दोनों पक्षों का साझा लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 70 अरब कनाडाई डॉलर यानी करीब 4.65 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है.

कनाडा सरकार के अनुसार, 2025 में दोनों देशों के बीच वस्तु व्यापार 13.6 अरब कनाडाई डॉलर रहा. प्रस्तावित समझौते में बाजार पहुंच, व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों पर बातचीत शामिल है.

मार्च 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की मुलाकात के दौरान भी दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने और CEPA वार्ता को इसी वर्ष पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी.