भारत ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले की कड़ी निंदा की है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हवाईअड्डे को निशाना बनाकर किए गए बार-बार के हमलों में जानमाल का नुकसान और संपत्ति को क्षति हुई है.

मंत्रालय के अनुसार, नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर इस तरह के हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत बंद किया जाना चाहिए. भारत ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, शनिवार के हमले में 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है. अधिकारियों ने कहा कि हमले से हवाईअड्डे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन किया जा रहा है.

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है. भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के मुद्दे पर उसके लोगों और सरकार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति लौटने की उम्मीद जताई.