नई दिल्ली में शनिवार को हुई पांचवीं भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग बैठक में दोनों देशों ने 2027 से 2031 तक के लिए नई संयुक्त कार्ययोजना अपनाई. बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्री एस. जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने की.

यह योजना भारत-डेनमार्क ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के अगले चरण का मार्गदर्शन करेगी. दोनों पक्षों ने रक्षा और सुरक्षा, उभरती तकनीक, अंतरिक्ष, समुद्री मामलों, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ तकनीक, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, कृषि और लोगों की आवाजाही जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई.

बैठक में नई टेक्नोलॉजी डायलॉग और क्लाइमेट डायलॉग शुरू करने का भी निर्णय लिया गया. दोनों देशों ने व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा की तथा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के महत्व को रेखांकित किया.

दोनों सरकारों ने भविष्य में प्रधानमंत्री स्तर पर संबंधों को व्यापक ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने की बात कही. संयुक्त आयोग की अगली बैठक कोपेनहेगन में आयोजित करने पर भी सहमति बनी.