भारत और यूरोपीय संघ के बीच विदेश नीति एवं सुरक्षा परामर्श का 12वां दौर नई दिल्ली में आयोजित किया गया. विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और यूरोपीय बाह्य कार्रवाई सेवा के राजनीतिक मामलों के उप महासचिव ओलोफ स्कूग ने वार्ता की सह-अध्यक्षता की.
बैठक में भारत-ईयू संबंधों में हालिया प्रगति की समीक्षा की गई और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई. दोनों पक्षों ने जनवरी 2026 में हुए 16वें भारत-ईयू शिखर सम्मेलन में स्वीकृत ‘Towards 2030’ व्यापक रणनीतिक एजेंडा के अनुरूप सहयोग बढ़ाने पर विचार किया.
विदेश नीति और सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दे भी बातचीत के एजेंडे में शामिल रहे. यह वार्ता ऐसे समय हुई है जब भारत और ईयू ने सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए जनवरी 2026 में नई साझेदारी पर हस्ताक्षर किए थे.
ईयू और भारत के बीच विदेश नीति एवं सुरक्षा परामर्श का पिछला, 11वां दौर नवंबर 2025 में ब्रसेल्स में हुआ था. दोनों पक्षों ने आर्थिक सुरक्षा, आपूर्ति शृंखला, संपर्क, तकनीक, विज्ञान और बहुपक्षीय सहयोग जैसे क्षेत्रों में संबंधों को व्यापक बनाने पर भी जोर दिया है.
