भारत और यूरोपीय संघ ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर आगे की प्रक्रिया की समीक्षा की है. दोनों पक्षों ने समझौते पर समयबद्ध हस्ताक्षर और उसके क्रियान्वयन के साथ निवेश संरक्षण समझौते तथा भौगोलिक संकेतकों से जुड़े अलग समझौते को अंतिम रूप देने के प्रयासों पर चर्चा की.
यह समीक्षा बैठक नई दिल्ली में हुई. इसमें विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और यूरोपीय बाह्य कार्रवाई सेवा के भू-अर्थशास्त्र एवं अंतर-संस्थागत मामलों के उप महासचिव मैटी मासिकास ने सह-अध्यक्षता की. संयुक्त बयान के अनुसार, बैठक में व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने से जुड़े विभिन्न संपर्कों की प्रगति पर विचार किया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत और ईयू ने जनवरी में व्यापार समझौते पर बातचीत पूरी की थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर के मध्य में ब्रुसेल्स दौरे की संभावना के बीच एफटीए पर हस्ताक्षर की तैयारियों को भी समीक्षा बैठक के संदर्भ में देखा जा रहा है.
आपूर्ति शृंखला और नई प्रौद्योगिकियों पर जोर
दोनों पक्षों ने आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत करने और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े सहयोग पर भी बात की. इसमें ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल तथा ब्लू वैलीज पहल के तहत रणनीतिक भागीदारी शामिल रही.
बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम प्रौद्योगिकी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, उन्नत सेमीकंडक्टर, स्वच्छ प्रौद्योगिकी और जैव-प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण एवं उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई. संयुक्त बयान में अनुकूल डिजिटल माहौल विकसित करने और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना को प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई.
शोध सहयोग के विस्तार पर भी संतोष जताया गया. भारत के यूरोपीय संघ के प्रमुख शोध एवं नवाचार कार्यक्रम ‘होराइजन यूरोप’ से संभावित जुड़ाव का उल्लेख बैठक में हुआ. यह कार्यक्रम 93.5 अरब यूरो का है और भारत के इसमें शामिल होने से जुड़ी वार्ताएं पूरी होने की जानकारी दोनों पक्षों ने पिछले सप्ताह दी थी.
संपर्क परियोजनाओं और लोगों के बीच संबंधों पर चर्चा
भारत और ईयू ने संपर्क साझेदारी को मजबूत करने की आवश्यकता रेखांकित की. ग्लोबल गेटवे, भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईसी), तथा स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु सहनशीलता, हरित गतिशीलता और डिजिटलाइजेशन से जुड़ी त्रिपक्षीय परियोजनाओं में समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी.
बैठक में प्रतिभा गतिशीलता, शिक्षा और कौशल विकास के जरिए लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के उपायों की भी समीक्षा की गई. यूरोपीय लीगल गेटवे कार्यालय से जुड़े अद्यतन पर चर्चा हुई और दोनों पक्षों ने भारत-ईयू मानवाधिकार संवाद के अगले दौर की अपेक्षा जताई.
संयुक्त बयान में दोनों पक्षों ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने तथा पारस्परिक लाभ वाले ठोस परिणाम देने की प्रतिबद्धता दोहराई. जनवरी में नई दिल्ली में हुए भारत-ईयू शिखर सम्मेलन में अपनाए गए संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडा के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई.
