विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को घाना के विदेश मंत्री सैम ओकुजेटो अबलाक्वा के साथ भारत-घाना संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की. बातचीत में व्यापार, निवेश, विकास सहयोग, फार्मास्यूटिकल्स, क्षमता निर्माण, रक्षा, तकनीक और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहे.
दोनों मंत्रियों ने बहुपक्षीय सहयोग के साथ-साथ अफ्रीकी संघ और पश्चिम अफ्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय (ECOWAS) के साथ भारत की भागीदारी गहरी करने पर भी विचार किया. घाना ECOWAS का संस्थापक सदस्य है. यह पश्चिम अफ्रीका में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक एकीकरण के लिए काम करने वाला 15 देशों का क्षेत्रीय संगठन है.
जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और घाना ‘ग्लोबल साउथ’ के साझेदार हैं और दोनों देशों की विकास संबंधी आकांक्षाएं तथा ऐतिहासिक एकजुटता साझा है. घाना के विदेश मंत्री अबलाक्वा ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों को ‘कॉम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप’ तक ऊंचा किया गया है. यह दर्जा पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घाना यात्रा के दौरान दिया गया था.
घाना यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने दो समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया. पहला समझौता भारतीय प्राणी सर्वेक्षण और घाना विश्वविद्यालय के बीच अकादमिक सहयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान और क्षमता निर्माण से संबंधित है. दूसरा समझौता भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और घाना के CSIR-Crops Research Institute के बीच कृषि अनुसंधान और शिक्षा सहयोग के लिए है.
जयशंकर ने घाना के राष्ट्रपति जॉन द्र aमानी महामा से भी मुलाकात की. उन्होंने कहा कि पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के बाद भारत-घाना साझेदारी में गति आई है. महामा 2027 में अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता संभालेंगे. जयशंकर घाना के बाद कोट द’ईवोआर और इथियोपिया जाएंगे.
