भारत नवंबर में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी करेगा. यह कार्यक्रम नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जाना प्रस्तावित है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, SCO के सभी 10 सदस्य देशों के संस्कृति मंत्रियों को इसमें आमंत्रित किया गया है. आमंत्रित देशों में भारत के अलावा चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं.

पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को भी न्योता भेजा गया है. हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मंत्री स्वयं कार्यक्रम में शामिल होंगे या कोई प्रतिनिधिमंडल भेजा जाएगा.

मंच के तहत प्रत्येक सदस्य देश को संस्कृति मंत्री के नेतृत्व में अधिकतम पांच लोगों का प्रतिनिधिमंडल नामित करने के लिए कहा गया है. इसमें वरिष्ठ अधिकारी, विषय विशेषज्ञ, विद्वान, सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पेशेवर और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं.

SCO के संवाद साझेदारों और पर्यवेक्षक देशों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी सामने आई है. यह पहल सदस्य देशों के बीच सभ्यतागत, सांस्कृतिक और विरासत संबंधी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है.