संयुक्त राष्ट्र महासभा की प्रथम समिति ने क्षेत्रीय और उपक्षेत्रीय स्तर पर पारंपरिक हथियार नियंत्रण से जुड़े पाकिस्तान और बेलारूस के प्रस्ताव को 180-2 मतों से मंजूर कर लिया. भारत और इजरायल ने प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया, जबकि कोई देश मतदान से अलग नहीं रहा.
भारत की ओर से स्थायी मिशन में प्रथम सचिव अनमोल शेर बेदी ने कहा कि पारंपरिक हथियार नियंत्रण को मुख्य रूप से क्षेत्रीय ढांचे में नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर देखा जाना चाहिए. उनके अनुसार देशों की सुरक्षा चिंताएं भौगोलिक सीमाओं पर समाप्त नहीं होतीं और किसी सीमित क्षेत्र में सैन्य संतुलन बनाए रखने की अवधारणा व्यावहारिक नहीं है.
भारत ने संयुक्त राष्ट्र निरस्त्रीकरण आयोग से इस विषय पर नए सिद्धांत तैयार करने की अपील पर भी सवाल उठाया. नई दिल्ली ने तर्क दिया कि आयोग 1993, 1999 और 2017 में इस विषय से जुड़े सहमति-आधारित निष्कर्ष पहले ही अपना चुका है.
भारत ने दक्षिण एशिया में पारंपरिक हथियार नियंत्रण से जुड़ी पहलों का उल्लेख करने वाले एक पैराग्राफ के खिलाफ भी मतदान किया. प्रस्ताव में क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए कम से कम हथियारों और सैन्य बलों के स्तर पर समझौतों को बढ़ावा देने की बात कही गई थी.
