भारत और इटली ने द्विपक्षीय व्यापार को 2029 तक €20 अरब तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है. 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार €14.2 अरब रहा था. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए दोनों देशों में अलग-अलग टास्क फोर्स बनाने की योजना है, जो कारोबारियों के सामने आने वाली प्रशासनिक और नौकरशाही बाधाओं को कम करने में मदद करेंगी.

ये फैसले 18 नवंबर को रोम में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और इटली के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी की बैठक में चर्चा के दौरान सामने आए. इटली के विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रस्तावित टास्क फोर्स प्रक्रियाओं को सरल बनाने और दोनों देशों के बीच व्यापार व निवेश को बढ़ावा देने पर काम करेंगी.

IMEC में इटली के बंदरगाहों की भूमिका

बैठक में भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे यानी IMEC पर भी चर्चा हुई. इस प्रस्तावित गलियारे का उद्देश्य रेल और समुद्री नेटवर्क के जरिए भारतीय बाजारों को यूरोप से जोड़ना है. इटली भूमध्यसागर के अपने बंदरगाहों की भूमिका मजबूत करना चाहता है. ताजानी ने मध्य और पूर्वी यूरोप की ओर जाने वाले माल के लिए ट्रिएस्टे बंदरगाह को संभावित प्रवेशद्वार बताया.

इटली के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, IMEC से व्यापार, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा संपर्क के नए अवसर बन सकते हैं. भारत के लिए यह मार्ग यूरोपीय बाजारों तक अतिरिक्त पहुंच और आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता का विकल्प दे सकता है.

इनोवेशन हब और FTA पर चर्चा

भारत में इटली के San Francisco स्थित INNOVIT Centre की तर्ज पर एक Innovation Hub स्थापित करने की संभावनाएं भी तलाशीं जा रही हैं. इसका उद्देश्य स्टार्टअप, कंपनियों और शोध संस्थानों को जोड़कर तकनीकी साझेदारी, नवाचार और निवेश को बढ़ावा देना है.

दोनों पक्षों ने फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, औद्योगिक मशीनरी, ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस, कृषि और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की. PIB के अनुसार, बातचीत में टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, संयुक्त शोध, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, फूड प्रोसेसिंग और उन्नत विनिर्माण भी शामिल रहे. भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता पूरी होने का स्वागत करते हुए इसके जल्द हस्ताक्षर की जरूरत पर भी जोर दिया गया.