टोक्यो में भारत और जापान ने आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने तथा दोनों देशों के बीच सरकारी, कारोबारी और जन-स्तर के संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की. यह बातचीत विदेश मंत्री एस. जयशंकर और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के बीच 19वीं भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता के दौरान हुई.
जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वार्ता में द्विपक्षीय सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की गई. इसमें आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने और सरकार-से-सरकार, कारोबार-से-कारोबार तथा लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया. दोनों मंत्रियों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र की चुनौतियों और अवसरों, क्षेत्रीय तनाव वाले मुद्दों, वैश्विक मामलों तथा बहुपक्षीय सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वार्ता के बाद जयशंकर ने कनेक्टिविटी, संसाधनों, सेवाओं, सप्लाई चेन और बाजार हिस्सेदारी के बढ़ते ‘हथियारीकरण’ का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में हो रहे कई बदलावों के राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधे असर हैं.
भारत और जापान ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और नियम-आधारित बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई. जयशंकर ने कहा कि इस प्रयास में दोनों देशों के साथ क्वाड के अन्य साझेदार भी जुड़े हुए हैं.
इससे पहले जयशंकर और मोतेगी ने 2027 में भारत-जापान राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक लोगो का अनावरण किया. जयशंकर ने जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उपाध्यक्ष तारो आसो से भी मुलाकात की. दोनों ने रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा सहयोग मजबूत करने की जरूरत पर सहमति जताई.
इसी दिन जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टोक्यो में भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी ‘2+2’ बैठक में भी भाग लिया.
