नई दिल्ली: भारत ने म्यांमार से विस्थापित रोहिंग्या मुसलमानों की सुरक्षित, तेज और टिकाऊ वापसी के समर्थन को दोहराया है. यह बयान अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) के उस फैसले के एक दिन बाद आया, जिसमें 2017 के सैन्य अभियानों के दौरान रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ नरसंहार के मामले में म्यांमार को जिम्मेदार ठहराया गया.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत लगातार विस्थापित रोहिंग्या लोगों की सुरक्षित, तेज और टिकाऊ वापसी का समर्थन करता रहा है. उन्होंने बांग्लादेश के शिविरों में रह रहे रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए भारत की मानवीय सहायता का भी उल्लेख किया.
भारत ने 2017 में बांग्लादेश में शरणार्थियों की आमद के बाद ‘ऑपरेशन इंसानियत’ शुरू किया था. विदेश मंत्रालय की 2017-18 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने करीब 3 लाख विस्थापित लोगों के लिए चावल, दाल, चीनी, नमक, खाना पकाने का तेल, चाय, तैयार भोजन, बिस्कुट और मच्छरदानियां भेजी थीं. म्यांमार में भी अक्टूबर और नवंबर 2017 के दौरान करीब 15,000 विस्थापित लोगों को राहत सामग्री दी गई थी.
भारत ने म्यांमार के रखाइन राज्य में सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए पांच वर्षों में 2.5 करोड़ डॉलर की सहायता का वादा किया था. इसके तहत जुलाई 2019 में बांग्लादेश से लौटने वाले विस्थापित लोगों के लिए 250 प्रीफैब्रिकेटेड घर सौंपे गए. कृषि उपकरण, कंप्यूटर और चिकित्सा सामग्री के अलावा दिसंबर 2019 में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के लिए 20,000 राहत किट भी दी गईं.
ICJ ने म्यांमार को नरसंहार रोकने और दोषियों पर कार्रवाई करने, सबूत सुरक्षित रखने, भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने और पीड़ितों को मुआवजा देने का आदेश दिया है. अदालत ने सुरक्षित, स्वैच्छिक और सम्मानजनक वापसी तथा परिवारों के पुनर्मिलन की जरूरत भी रेखांकित की.
