भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में उस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जिसमें क्यूबा पर अमेरिका के आर्थिक, वाणिज्यिक और वित्तीय प्रतिबंध समाप्त करने की मांग की गई है. 193 सदस्यीय महासभा ने बुधवार को प्रस्ताव को मंजूरी दी. मतदान में 130 देशों ने समर्थन किया, जबकि 17 देशों ने विरोध किया और 25 देश अनुपस्थित रहे.
भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र में स्थायी मिशन की काउंसलर सौम्या नायर ने कहा कि महासभा पहले भी कई बार प्रतिबंध समाप्त करने की अपील कर चुकी है. उन्होंने ऐसे कानूनों और उपायों को वापस लेने की बात कही, जिनका दूसरे देशों की संप्रभुता और उनके लोगों की प्रगति पर सीमा-पार असर पड़ता है.
नायर के अनुसार, भारत का बहुपक्षवाद के प्रति समर्थन इस विश्वास पर आधारित है कि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों का समाधान संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप संवाद तथा कूटनीति से किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रतिबंध जल्द हटने से क्यूबा के लोग अंतरराष्ट्रीय सहयोग में अधिक प्रभावी ढंग से भाग ले सकेंगे और अपनी विकास संबंधी आकांक्षाओं को आगे बढ़ा सकेंगे.
क्यूबा की स्वास्थ्य और ऊर्जा व्यवस्था पर असर
भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव की रिपोर्ट का हवाला देते हुए क्यूबा में प्रतिबंधों के प्रभाव का मुद्दा उठाया. भारत के बयान के अनुसार, क्यूबा की स्वास्थ्य व्यवस्था में आवश्यक दवाओं की 60 प्रतिशत से अधिक कमी है. पिछले पांच वर्षों में वहां खाद्य उत्पादन में 50 प्रतिशत से अधिक गिरावट का भी उल्लेख किया गया.
बयान में कहा गया कि क्यूबा को ईंधन निर्यात पर लगी पाबंदियों ने देश के ऊर्जा संकट को और गंभीर बनाया है. इसके चलते स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, जल आपूर्ति, खाद्य वितरण और परिवहन जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित हुई हैं.
