इंडोनेशिया में अनक क्राकाटोआ ज्वालामुखी के फटने के बाद 1.5 लाख से अधिक हवाई यात्री फंस गए हैं. ज्वालामुखीय राख हवाई क्षेत्र में फैलने के कारण अधिकारियों ने छह हवाईअड्डों पर संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया. प्रभावित हवाईअड्डों में जकार्ता का सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा भी शामिल है.
इंडोनेशिया के परिवहन मंत्री डुडी पुरवागंधी के अनुसार, अब तक 467 उड़ानें प्रभावित हुई हैं. उन्होंने एयरलाइनों से कुछ उड़ानों को दूसरे हवाईअड्डों की ओर मोड़ने पर विचार करने और रद्द उड़ानों के यात्रियों को रिफंड की प्रक्रिया तेज करने को कहा है. आगामी उड़ानों के बारे में यात्रियों को समय पर जानकारी देने की अपील भी की गई है, ताकि हवाईअड्डों पर भीड़ न बढ़े.
राख बादलों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर
परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, उड़ानों में रुकावट का बड़ा असर सिंगापुर आने-जाने वाली सेवाओं पर पड़ा है. दोहा, सिडनी और कुआलालंपुर के लिए संचालित कुछ अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात से ज्वालामुखी में लगातार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गईं. लावा के फव्वारे और तेज धमाकों जैसी आवाजों की सूचना मिली. रविवार की सुबह दो और विस्फोट हुए. मौसम विज्ञान एजेंसी BMKG के मुताबिक, राख जावा के ऊपर करीब 20,000 फीट और ज्वालामुखी के पश्चिम में सुमात्रा की ओर करीब 50,000 फीट की ऊंचाई तक पहुंची.
अधिकारियों ने कहा है कि हालिया गतिविधि को लेकर सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. अनक क्राकाटोआ जावा और सुमात्रा द्वीपों के बीच सुंडा जलडमरूमध्य में स्थित है.
लोगों को घरों में रहने की सलाह
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रभावित इलाकों के निवासियों से घरों के भीतर रहने और मास्क पहनने की अपील की है. ज्वालामुखीय राख से सांस, आंखों और त्वचा से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं. स्थानीय मीडिया के अनुसार, कुछ स्कूलों ने गतिविधियां रद्द कर दीं, जबकि कई लोगों और मछुआरों ने आंखों में जलन की शिकायत के बाद बाहर निकलने से परहेज किया.
अनक क्राकाटोआ वर्ष 1883 के क्राकाटोआ विस्फोट से बने ज्वालामुखीय क्षेत्र में समुद्र से उभरने के बाद से रुक-रुककर सक्रिय रहा है. दिसंबर 2018 में इसके एक हिस्से के ढहने से सुनामी आई थी, जिसमें 400 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और जावा तथा सुमात्रा के तटवर्ती इलाकों में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए थे.
