ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने अमेरिका के साथ बातचीत को ‘अर्थहीन’ बताया है. ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, उन्होंने कहा कि वार्ता के बाद ईरान पर तीन बार हमला किया गया और इससे संकेत मिलता है कि अमेरिका संवाद के बजाय इस्लामी गणराज्य की सरकार बदलना चाहता है.

पेज़ेश्कियन ने आरोप लगाया कि अमेरिका हत्या, प्रतिबंध, दबाव और धमकियों का सहारा लेता है तथा अपनी प्रतिबद्धताओं से पीछे हटता है. उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में बातचीत का कोई अर्थ नहीं रह जाता.

अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष खत्म करने को लेकर हालिया अप्रत्यक्ष वार्ताएं भी किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकीं. सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई कोशिशों के बाद भी दोनों पक्षों के बीच गतिरोध बना हुआ है.

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने इससे पहले कहा था कि संघर्ष का कोई सैन्य समाधान नहीं है और न ही नए प्रतिबंधों से समस्या हल होगी. उनके अनुसार, न्यायसंगत और निष्पक्ष बातचीत ही रास्ता है.

क्षेत्रीय तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है.