ईरान ने अपने संवर्धित परमाणु पदार्थ को देश से बाहर भेजने से इनकार किया है. सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा कि तेहरान संवर्धित सामग्री का इस्तेमाल परमाणु ऊर्जा से चलने वाले जहाजों और पनडुब्बियों के विकास में करना चाहता है.
अल-मायादीन टीवी को दिए इंटरव्यू में रेजाई ने कहा कि ईरान संवर्धित यूरेनियम का एक कण भी देश से बाहर नहीं जाने देगा. उन्होंने बताया कि तेहरान ने रूस को भी अपने फैसले से अवगत करा दिया है.
रेजाई ने अमेरिका को सैन्य चेतावनी भी दी. उनके मुताबिक, अगर किसी यूरोपीय देश या किसी अन्य दूरदराज क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे से ईरान पर हमला किया गया, तो ईरान उन ठिकानों को भी निशाना बनाएगा. उन्होंने कहा कि संभावित जवाबी कार्रवाई में ऐसे अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठान शामिल हो सकते हैं, जिन्हें अब तक निशाना नहीं बनाया गया है.
उन्होंने कुछ दूरस्थ द्वीपों को भी संभावित लक्ष्य बताए, हालांकि किसी ठिकाने का स्पष्ट नाम नहीं लिया. यह बयान ऐसे समय आया है जब परमाणु सामग्री को ईरान से बाहर भेजना अमेरिका की प्रमुख वार्ता शर्तों में शामिल बताया जा रहा है.
