ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र के एक प्लेटफॉर्म पर मंगलवार को लगी आग को अधिकारियों ने नियंत्रित कर लिया. यह घटना गैस क्षेत्र के फेज-14 के एक प्लेटफॉर्म पर हुई और आग को तुरंत बुझा दिया गया.
बसरा प्रांत के संकट प्रबंधन महानिदेशक कुरोश देहघान ने बताया कि आग लगने के दौरान 17 कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी. शुरुआती जानकारी में उनके बचाव अभियान की बात कही गई थी. बाद में प्रांतीय संकट प्रबंधन कार्यालय ने बताया कि सभी 17 कर्मचारी सुरक्षित हैं और लाइफबोट तथा बचाव नौकाओं पर पहुंच गए हैं.
अधिकारियों के अनुसार, कर्मचारियों को प्लेटफॉर्म से वापस लाने के लिए तीन बड़ी बचाव नौकाएं भेजी गई हैं. घटना में आग लगने के कारणों की जांच जारी है. संभावित कारणों में गैस रिसाव या संचालन संबंधी चूक को शामिल किया जा रहा है.
साउथ पार्स दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री प्राकृतिक गैस क्षेत्र माना जाता है. संबंधित प्लेटफॉर्म की दैनिक उत्पादन क्षमता 1.45 करोड़ घन मीटर है, जबकि पूरे क्षेत्र से प्रतिदिन 70 करोड़ घन मीटर से अधिक गैस का उत्पादन होता है.
यह गैस भंडार ईरान और कतर के बीच साझा है. कतर अपने हिस्से को नॉर्थ डोम कहता है. उपलब्ध अनुमान के अनुसार, इस भंडार में करीब 1,800 ट्रिलियन क्यूबिक फीट यानी 51 ट्रिलियन घन मीटर उपयोग योग्य गैस है.
