ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार अली अकबर वेलायती ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को फारस की खाड़ी के तीन विवादित द्वीपों पर उसके दावे को लेकर चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि UAE की राजनीतिक उम्र आधी सदी से अधिक नहीं है, जबकि इन द्वीपों को ईरान से जोड़ने वाले ऐतिहासिक दस्तावेज और पुराने नक्शे मौजूद हैं.

वेलायती ने अबू मूसा, ग्रेटर तुंब और लेसर तुंब पर ईरान की संप्रभुता को चुनौती न देने की बात कही. उनका बयान ऐसे समय आया है जब UAE ने संयुक्त राष्ट्र में इन द्वीपों पर अपना दावा दोहराया और विवाद के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रत्यक्ष वार्ता या अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का रास्ता अपनाने की मांग की.

ईरान इन तीनों द्वीपों को अपना अभिन्न क्षेत्र मानता है. UAE का कहना है कि ईरान ने 30 नवंबर 1971 को इन द्वीपों पर कब्जा किया था, जो अमीरात संघ के गठन से दो दिन पहले हुआ था. द्वीप रणनीतिक रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित हैं और दोनों देशों के बीच लंबे समय से कूटनीतिक विवाद का विषय बने हुए हैं.