अमेरिका से कम से कम नौ ईरानी नागरिकों को लेकर पाकिस्तान जा रही डिपोर्टेशन फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने अचानक इन लोगों को अपने यहां स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विमान एरिजोना के मेसा लौट आया.

लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी ईरानी नागरिकों को दोबारा इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया. योजना के तहत उन्हें पहले पाकिस्तान ले जाया जाना था और वहां से ईरान भेजने की व्यवस्था की जानी थी.

पाकिस्तान के रुख पर स्पष्टता नहीं

एक अमेरिकी अधिकारी और हिरासत में रखे गए एक व्यक्ति के रिश्तेदार के हवाले से बताया गया कि पाकिस्तान के इनकार के बाद फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है.

इससे पहले मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा था कि पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान भेजे जाने वाले लोगों की डिपोर्टेशन व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, ईरानी नागरिकों वाली इस फ्लाइट को स्वीकार न करने के कारण पर पाकिस्तान की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.

ट्रांजिट रूट के रूप में पाकिस्तान का इस्तेमाल

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन ईरान और अफगानिस्तान के नागरिकों को उनके देशों में भेजने के लिए पाकिस्तान को ट्रांजिट पॉइंट के तौर पर इस्तेमाल करना चाहता है. यह व्यवस्था उन देशों के नागरिकों के लिए प्रस्तावित है, जहां अमेरिका के औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं.

एरिजोना से ईरानी नागरिकों को डिपोर्ट करने की यह दूसरी कथित कोशिश थी, जिसे रद्द करना पड़ा. पाकिस्तान के ताजा इनकार से अमेरिकी डिपोर्टेशन योजना में उसकी भूमिका और इस वैकल्पिक मार्ग की व्यवहारिकता पर सवाल उठे हैं.