इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र में स्थित खोर मोर गैसफील्ड पर ड्रोन हमले के बाद परिसर में आग लग गई और गैस उत्पादन रोकना पड़ा. हमले से उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र की 70 फीसदी से अधिक आबादी बिजली कटौती से प्रभावित हुई.
यह हमला रविवार रात सुलैमानीया गवर्नरेट में स्थित गैसफील्ड पर हुआ. घटनास्थल के पास धुआं और आग की लपटें दिखाई देने वाले वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि की गई है. हालांकि, हमले के लिए अब तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि इसका संबंध अमेरिका और इजराइल के ईरान के खिलाफ युद्ध से है या नहीं.
कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के बिजली मंत्रालय के प्रवक्ता ओमिद अहमद के अनुसार, हमले के बाद गैस की आपूर्ति एरबिल, सुलैमानीया, बाजियान, चमचमाल और दोहुक शहरों के बिजली संयंत्रों तक रुक गई. उनके मुताबिक, इससे बिजली उत्पादन क्षमता में 2,500 से 2,800 मेगावाट की कमी आई. सुरक्षा सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया कि ग्रिड की क्षमता 70 से 80 फीसदी तक घट गई.
मंत्रालय ने कहा है कि अस्पतालों और जलशोधन संयंत्रों जैसी जरूरी सेवाओं को बिजली देने के लिए जलविद्युत संयंत्रों और वैकल्पिक ईंधन से चलने वाले अन्य संयंत्रों का इस्तेमाल किया जाएगा.
इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने शुरुआती आकलन के आधार पर कहा कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है. उन्होंने कुर्द क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच समिति बनाने का निर्देश दिया है.
इसी गैसफील्ड को पिछले वर्ष भी ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया था. उस घटना की जिम्मेदारी भी किसी समूह ने नहीं ली थी.
