इजरायली सेना ने कहा है कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के एक बड़े भूमिगत परिसर को नष्ट कर दिया है. सेना के मुताबिक, अली ताहेर रिज के नीचे बनी दो सुरंगों को ध्वस्त करने के लिए 1,000 टन से अधिक विस्फोटक इस्तेमाल किए गए. इन सुरंगों की कुल लंबाई दो किलोमीटर से ज्यादा बताई गई है.
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार, विस्फोट के बाद ऐसी भूकंपीय गतिविधि दर्ज हुई, जो 4.1 तीव्रता के भूकंप के बराबर थी. इजरायली सेना द्वारा जारी तस्वीरों में आसमान में आग का बड़ा गोला दिखाई दिया.
नबातियेह के एक निवासी ने बताया कि विस्फोट के करीब 15 सेकंड बाद तेज आवाज सुनाई दी और घर इस तरह हिलने लगा, जैसे भूकंप आया हो. उनके अनुसार, लोग चिल्लाने लगे, बच्चे डरकर रोने लगे और कई कारें बेरूत की ओर निकल गईं. तटीय शहर सैदा में भी झटके महसूस किए जाने की बात सामने आई है.
इजरायली सेना का दावा है कि इस भूमिगत ढांचे में हिजबुल्लाह की बद्र इकाई का कमांड सेंटर था. उसके अनुसार, परिसर में दर्जनों रॉकेट, मिसाइल, ड्रोन, टैंक रोधी हथियार, बारूदी सुरंगें और विस्फोटक मौजूद थे. सेना ने यह भी कहा कि परिसर में मौजूद सभी लड़ाके मारे गए या वहां से भाग गए. इन दावों पर हिजबुल्लाह या लेबनान सरकार की तत्काल सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.
इजरायल के अनुसार, यह कार्रवाई क्षेत्र में आठ सुरंगों को नष्ट करने और एक ‘सुरक्षा क्षेत्र’ बनाने के अभियान का अंतिम चरण थी. इजरायली बलों ने पिछले सप्ताह महीनों की लड़ाई के बाद रिज पर नियंत्रण हासिल करने की बात कही थी. दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैन्य मौजूदगी और अभियान अब भी जारी हैं.
लेबनानी मीडिया ने गुरुवार को नबातियेह अल-फौका और टायर जिले के मंसूरी समेत दक्षिण के अन्य इलाकों में नए इजरायली हमलों की खबर दी. लेबनानी सेना ने इजरायली नियंत्रण से बाहर के क्षेत्रों में अपनी तैनाती बढ़ाई है.
संघर्ष में लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कम से कम 4,362 लोग मारे गए हैं, जिनमें 395 महिलाएं और 259 बच्चे शामिल हैं. मंत्रालय के आंकड़े लड़ाकों और नागरिकों में अंतर नहीं करते. इजरायली अधिकारियों के अनुसार, 40 सैनिक और चार नागरिक मारे गए हैं. संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, लगभग 3.3 लाख लोग अब भी विस्थापित हैं.
