इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है. पूर्व सैन्य प्रमुख और याशर पार्टी के नेता गादी आइसेनकोट ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह एक मिनट भी प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के योग्य नहीं हैं.

यह बयान 26वीं नेसेट के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद आया. आइसेनकोट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नेतन्याहू के भाषण को विभाजनकारी, नफरत से भरा और शर्मनाक बताया. उनके अनुसार, नेतन्याहू ने एक आधिकारिक सरकारी कार्यक्रम का गलत इस्तेमाल किया.

आइसेनकोट ने कहा कि इस भाषण के बाद उनका यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि नेतन्याहू को पद पर नहीं रहना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द से जल्द राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उनके मुताबिक, ऐसी सरकार का आधार यहूदी, लोकतांत्रिक और उदारवादी इजरायल तथा सभी नागरिकों के समान अधिकार होने चाहिए.

बहुमत के आंकड़े से पीछे दोनों खेमे

हालिया आम चुनाव में नेतन्याहू के गठबंधन को 120 सदस्यीय नेसेट में 53 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत है. नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी के साथ अति-दक्षिणपंथी और अति-रूढ़िवादी दलों ने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन बहुमत हासिल नहीं कर सके.

आइसेनकोट और उनके सहयोगी दलों के पास 48 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए वह अरब नेतृत्व वाली पार्टियों के समर्थन पर नजर रख रहे हैं. इन दलों के पास कुल 19 सीटें हैं, लेकिन उनके साथ अभी कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है.

नेतन्याहू ने अपने भाषण में जॉइंट लिस्ट और राआम पार्टी पर यहूदी देश को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया और राष्ट्रीय एकता वाली सरकार बनाने की अपील की. यदि दोनों खेमे जरूरी समर्थन नहीं जुटा पाते, तो इजरायल में फिर चुनाव की संभावना बन सकती है. नई सरकार बनने तक नेतन्याहू कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे.