इज़राइल ने flydubai की उस उड़ान को मार गिराने की तैयारी कर ली थी, जिसमें 170 से अधिक यात्री सवार थे. यह दावा अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में इज़राइली अधिकारियों के हवाले से किया गया है. विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उड़ान के दौरान उसके ओमानी सह-पायलट पर कप्तान पर हमला करने तथा विमान पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश का आरोप है.

रिपोर्ट के अनुसार, विमान से अपहरण संबंधी संकेत मिलने के बाद इज़राइल ने संभावित कार्रवाई के लिए लड़ाकू विमानों को तैयार किया था. इज़राइली सुरक्षा प्रोटोकॉल में किसी ऐसे विमान को मार गिराने का प्रावधान है, जिसे देश के लिए गंभीर खतरा माना जाए. हालांकि, इस फैसले का अंतिम अधिकार प्रधानमंत्री के पास बताया गया है.

इज़राइली अधिकारियों के अनुसार, आशंका थी कि विमान को तेल अवीव के किसी बड़े भवन, बेन गुरियन हवाईअड्डे या अन्य महत्वपूर्ण लक्ष्य से टकराया जा सकता है. इससे पहले यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने कथित हमलावर को काबू किया, जिसके बाद विमान ने सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग की. घटना में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं.