इटली की संसद ने चुनावी कानून में विवादित बदलावों को अंतिम मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए यह मतदान गठबंधन की एकजुटता की परीक्षा माना जा रहा था. निचले सदन में गुप्त मतदान के दौरान प्रस्ताव के पक्ष में 227 और विरोध में 164 वोट पड़े.
नए कानून में पूरी तरह आनुपातिक चुनाव प्रणाली लागू करने का प्रावधान है. इसके तहत सबसे अधिक वोट पाने वाले गठबंधन को अतिरिक्त ‘बोनस सीटें’ दी जाएंगी, बशर्ते उसे कम से कम 42% वोट मिले हों. विपक्षी दलों का कहना है कि यह व्यवस्था मतदाताओं के प्रतिनिधित्व को विकृत कर सकती है और सत्ता में मौजूद गठबंधन को अनुचित लाभ पहुंचा सकती है.
विपक्षी सांसदों ने परिणाम घोषित होने के बाद कानून को ‘घोटाला’ और ‘धोखा’ बताते हुए पोस्टर दिखाए. विपक्षी दलों ने संवैधानिक अदालत में बदलावों को चुनौती देने का भी ऐलान किया है.
कानून में एक और विवादित प्रावधान पार्टियों और गठबंधनों को चुनाव से काफी पहले अपना सरकार कार्यक्रम और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित करने के लिए बाध्य करता है. मेलोनी का कहना है कि नई प्रणाली से राजनीतिक स्थिरता बढ़ेगी.
मेलोनी ने मतदान को अपनी दक्षिणपंथी गठबंधन सरकार के लिए विश्वासमत जैसा बना दिया था. उन्होंने सहयोगी दलों के सांसदों को चेताया था कि प्रस्ताव हारने पर सरकार संकट में पड़ सकती है. मतदान के बाद उन्होंने कहा कि उनकी सरकार एकजुट और नागरिकों से किए वादे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है.
डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता एली श्लाइन ने आरोप लगाया कि मेलोनी का गठबंधन अगले आम चुनाव में हार की आशंका के कारण चुनावी व्यवस्था बदल रहा है. चुनाव अक्टूबर 2027 से पहले होना है, हालांकि इसे अप्रैल या मई तक आगे लाया जा सकता है.
