विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नीति निर्माताओं को वैश्विक स्तर पर उभरती ‘4F’ चुनौती को लेकर आगाह किया है. इसमें खाद्य, ईंधन, उर्वरक और वित्त से जुड़े संकट शामिल हैं. उन्होंने कहा कि यूक्रेन संघर्ष और ईरान-खाड़ी संकट के प्रभाव उन देशों से काफी दूर तक महसूस किए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर इन संघर्षों में शामिल नहीं हैं.

जयशंकर के अनुसार, संघर्षों से व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और परिवहन मार्ग प्रभावित होते हैं. इसका असर खाद्य उत्पादन और कीमतों पर भी पड़ सकता है. उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा परिस्थितियों में खाद्य संकट का जोखिम पहले से बन रहा है, इसलिए नीति निर्माताओं को संकट गहराने का इंतजार नहीं करना चाहिए.

उन्होंने वैश्विक दक्षिण के लिए आपूर्ति शृंखलाओं को कम जोखिम वाला बनाने, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा मजबूत करने तथा अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था में सुधार की वकालत की. जयशंकर ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने, वाणिज्यिक जहाजों और समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया.

यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब यूक्रेन युद्ध और खाड़ी संकट से ऊर्जा, उर्वरक, व्यापार और वित्तीय स्थिरता पर दबाव बढ़ने की चिंता जताई जा रही है.