विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत और अफ्रीका दीर्घकालिक साझेदार हैं और दोनों पक्षों को आपूर्ति शृंखला की मजबूती, रणनीतिक स्वायत्तता और ग्लोबल साउथ के बीच सहयोग जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करना चाहिए. उन्होंने यह बात घाना की यात्रा के दौरान कही. यह अफ्रीका के तीन देशों के उनके दौरे का पहला पड़ाव है. दौरे में वह कोट द’ईवोआर और इथियोपिया भी जाएंगे.
घाना में जयशंकर ने राष्ट्रपति जॉन द्रमेनी महामा और विदेश मंत्री सैम ओकुर्जेटो अबलाकवा समेत शीर्ष नेताओं से मुलाकात की. बातचीत में व्यापार, निवेश, विकास साझेदारी, फार्मास्यूटिकल्स, क्षमता निर्माण, रक्षा, तकनीक और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई. उन्होंने बहुपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने और अफ्रीकी संघ तथा पश्चिम अफ्रीकी क्षेत्रीय संगठन ECOWAS के साथ भारत का जुड़ाव मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया. घाना ECOWAS का संस्थापक सदस्य है.
जयशंकर ने कहा कि भारत, अफ्रीका के साथ भविष्य के लिए साझेदारी बनाने को प्रतिबद्ध है. उन्होंने भारत-घाना संबंधों को व्यापक साझेदारी में बदलने के बाद आई गति का उल्लेख किया और राष्ट्रपति महामा के विकास संबंधी दृष्टिकोण की सराहना की. घाना के विदेश मंत्री ने दोनों देशों को उच्च स्तर का रणनीतिक साझेदार बताया.
यात्रा के दौरान दो समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी हुआ. इनमें पहला समझौता भारतीय प्राणी सर्वेक्षण और घाना विश्वविद्यालय के बीच अकादमिक सहयोग, वैज्ञानिक शोध और क्षमता निर्माण से संबंधित है. दूसरा समझौता भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और घाना के CSIR-Crops Research Institute के बीच कृषि अनुसंधान तथा शिक्षा सहयोग के लिए किया गया.
घाना के Foreign Service Institute में संबोधन के दौरान जयशंकर ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का संबंध आपूर्ति शृंखला, तकनीकी क्षमताओं और आवश्यक वस्तुओं के उत्पादन से है. उन्होंने ईंधन, खाद्य, उर्वरक और वित्त की resilient supply chains को जरूरी बताया और कहा कि भारत अपने डिजिटल सिस्टम का अनुभव अफ्रीकी साझेदारों के साथ साझा करने को तैयार है.
उन्होंने रणनीतिक स्वायत्तता को विदेश नीति का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि साझेदारियां विकल्पों का विस्तार करें, उन्हें सीमित नहीं. जयशंकर ने ग्लोबल साउथ की आवाज मजबूत करने और अफ्रीकी संघ को G20 में शामिल किए जाने का भी उल्लेख किया. घाना 2027 में अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता संभालने वाला है.
