नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात की. शाह भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचे हैं. मुलाकात के बाद जयशंकर ने कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शाह की आगामी बातचीत को लेकर भी उत्सुकता जताई.
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं और सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई. बातचीत में कनेक्टिविटी, व्यापार, ट्रांजिट, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा, खेल और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे विषय शामिल रहे.
बालेंद्र शाह की यह भारत की पहली यात्रा और मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है. यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है.
सोमवार को शाह की प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है. दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान कर सकते हैं. यात्रा के दौरान सहयोग के नए क्षेत्रों और कुछ समझौतों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
