विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों को “पूरी तरह अस्वीकार्य” बताया है. उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में भारत समेत कई देशों के नाविकों की जान गई है और इन्हें रोका जाना चाहिए.

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान ‘सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफेयरर्स’ समूह की बैठक में जयशंकर ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र, लाल सागर और काला सागर में नागरिक नौवहन पर हमले बढ़ती चिंता का विषय बन गए हैं.

उन्होंने ओमान की खाड़ी में एंटीगुआ और बारबुडा के ध्वज वाले बल्क कैरियर एमवी केप डाओ पर हुए हालिया हमले का उल्लेख किया, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हुई. उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा-ध्वज वाले तेल टैंकर एल गैया पर हमले के बाद एक भारतीय क्रू सदस्य के लापता होने का भी जिक्र किया.

भारत-लाइबेरिया की पहल

जयशंकर ने कहा कि भारत, जो बड़ी संख्या में नाविक उपलब्ध कराता है, और लाइबेरिया, जो प्रमुख शिपिंग रजिस्ट्री है, ने जहाजों तथा समुद्री कर्मियों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए यह समूह बनाया है.

अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के अनुसार, 28 फरवरी से होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास अंतरराष्ट्रीय नौवहन पर 80 हमलों की पुष्टि हुई है, जिनमें कम-से-कम 22 नाविकों की मौत हुई.