विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमलों को ‘सरासर अस्वीकार्य’ बताया. उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र में नई चुनौतियों ने पहले से मौजूद जमीनी संकटों को और गंभीर बना दिया है.

जयशंकर ने कहा कि शांति का अर्थ केवल युद्ध का न होना नहीं है. लगातार जारी धमकियों और दबावों के बीच दुनिया ‘खाई के किनारे’ खड़ी है और एक और कदम उसे गंभीर संकट में धकेल सकता है. उन्होंने स्थिरता, सुरक्षा और पूर्वानुमेयता को शांति के लिए अनुकूल माहौल के जरूरी तत्व बताया.

संघर्षों के वैश्विक प्रभाव पर चिंता

विदेश मंत्री के अनुसार, युद्ध का असर केवल संघर्ष वाले क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहता. वैश्विक अर्थव्यवस्था में दूर स्थित देश भी इसके परिणाम भुगतते हैं, जबकि सबसे अधिक प्रभावित लोगों की निर्णय प्रक्रिया में अक्सर सबसे कम भागीदारी होती है. उन्होंने कहा कि शांति बनाए रखने में विफलता सुरक्षा को कमजोर करने के साथ-साथ विकास की गति भी रोक रही है.

खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष का उल्लेख करते हुए जयशंकर ने कहा कि भारत वहां की लगातार जारी शत्रुता को लेकर गहराई से चिंतित है. उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने, नागरिकों की रक्षा करने और ऊर्जा व वाणिज्य का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित करने की अपील की.

यूक्रेन युद्ध पर उन्होंने कहा कि भारत शांति की दिशा में जारी पहलों का समर्थन करता है. उन्होंने नाविकों की सुरक्षा तथा खाद्यान्न और ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि भारत खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े संकट को कम करने के लिए हरसंभव प्रयास करने को तैयार है.

पश्चिम एशिया के संदर्भ में जयशंकर ने दो-राष्ट्र समाधान के प्रति भारत का समर्थन दोहराया.