जापान में रविवार तड़के 5.7 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 1:04 बजे आया. इसका केंद्र शिज़ुओका प्रांत में जमीन से करीब 40 किलोमीटर नीचे बताया गया है. सबसे तेज झटके आइची प्रांत में महसूस किए गए.

भूकंप के बाद आइची और शिज़ुओका में दुकानों के शीशे टूट गए. जापानी टीवी चैनलों पर प्रसारित तस्वीरों में सड़कों और दुकानों के भीतर बिखरे कांच के टुकड़े दिखाई दिए. एक बुकस्टोर में किताबें अलमारियों से गिरकर फर्श पर बिखरी नजर आईं.

अचानक आए झटकों से कई इमारतों में मौजूद लोग घबराकर बाहर निकलने लगे. इस दौरान मची अफरा-तफरी में करीब 22 लोगों के घायल होने की जानकारी है. बताया गया कि कुछ लोग बाहर निकलने की कोशिश में सीढ़ियों से गिर गए.

भूकंप के बाद क्षेत्र में कई छोटे झटके भी महसूस किए गए. आइची, हमामात्सु, क्योटो, नारा, यामानाशी और गिफू समेत आसपास के इलाकों में इसका असर बताया गया. एहतियात के तौर पर शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी गई, क्योंकि भूकंप से रेल पटरियों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है.

इससे एक दिन पहले शनिवार शाम जापान के हासाकी में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था.