जापान ने संकरी आवासीय शहरी सड़कों पर डिफॉल्ट गति सीमा 60 किमी/घंटा से घटाकर 30 किमी/घंटा कर दी है. यह बदलाव उन सड़कों पर लागू होगा जहां सेंटर लाइन, मीडियन या अधिकतम गति सीमा का संकेत नहीं है. रिपोर्टों के अनुसार, नया नियम मंगलवार से प्रभावी हुआ.
इस बदलाव का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले शहरों की उन सड़कों पर पैदल यात्रियों की मौत और गंभीर चोटों को कम करना है, जहां वाहन, साइकिल सवार और पैदल लोग एक ही सड़क साझा करते हैं. जापान में ऐसी संकरी सड़कें आम हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों को इन पर गंभीर हादसों का विशेष जोखिम रहता है.
करीब 8.7 लाख किलोमीटर सड़कें दायरे में
Mainichi Shimbun के अनुसार, नए नियम का दायरा करीब 8.7 लाख किलोमीटर लंबी उन सड़कों तक है जो 5.5 मीटर से कम चौड़ी हैं और जिन पर सेंटर लाइन या मीडियन नहीं है. ये सड़कें जापान की सामान्य सड़कों का लगभग 70 फीसदी हिस्सा बताई गई हैं.
पहले इन सड़कों पर सामान्य डिफॉल्ट गति सीमा 60 किमी/घंटा थी, जब तक किसी इलाके में अलग से गति सीमा निर्धारित न की गई हो. हालांकि, जिन सड़कों पर पहले से अधिकतम गति सीमा के संकेत लगे हैं, उन पर वही निर्धारित सीमा लागू रहेगी.
बड़े मार्गों पर सुरक्षा सुधरी, आवासीय इलाकों में चिंता कायम
जापान में सड़क हादसों में होने वाली कुल मौतों की संख्या घट रही है. राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल यातायात हादसों में मौतों की संख्या रिकॉर्ड कम होकर 2,457 रही. इसके बावजूद आवासीय सड़कों पर बच्चों और बुजुर्गों से जुड़े हादसों में अपेक्षित कमी नहीं आई.
ऐसे हादसों में मौतों और गंभीर चोटों की संख्या 2021 से हर साल करीब 300 के आसपास बनी हुई है. 2025 में यह आंकड़ा तीन साल में पहली बार बढ़ा. अधिकारियों का मानना है कि बड़े मार्गों पर सुरक्षा में सुधार के बावजूद संकरी स्थानीय सड़कों पर अलग तरह के जोखिम बने हुए हैं.
‘जोन 30’ मॉडल से मिला था पहले का अनुभव
जापान ने 2011 में कुछ आवासीय सड़कों और स्कूल मार्गों पर ‘जोन 30’ व्यवस्था लागू की थी. Mainichi Shimbun की रिपोर्ट के अनुसार, इन सीमित इलाकों में मौतों और गंभीर चोटों वाले हादसों में 30 फीसदी कमी दर्ज की गई थी.
राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी के आंकड़े यह भी दिखाते हैं कि 30 किमी/घंटा या उससे कम गति से चल रहे वाहनों से जुड़े हादसों में पैदल यात्रियों की मृत्यु दर 1 फीसदी से कम रहती है. 30 से 40 किमी/घंटा की गति पर यह दर 2.7 फीसदी और 50 से 60 किमी/घंटा की गति पर 17.4 फीसदी तक पहुंच जाती है.
पुलिस एजेंसी के कमिश्नर जनरल योशिनोबु कुुसुनोकी ने वाहन चालकों से उन सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा है जो वाहनों, पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों द्वारा साझा की जाती हैं. नए नियम के बाद स्थानीय सड़कों पर वाहन चालकों को कम गति के साथ अधिक सतर्कता बरतनी होगी.
