अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलिए ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में फॉकलैंड द्वीप समूह की संप्रभुता को लेकर ब्रिटेन के साथ चल रहे विवाद पर UN की आलोचना की है. अर्जेंटीना इन द्वीपों को मालविनास कहता है. मिलिए ने आरोप लगाया कि संयुक्त राष्ट्र इस मामले में अपने ही प्रस्तावों को लागू कराने में विफल रहा है.
न्यूयॉर्क में दिए भाषण में मिलिए ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने द्वीपों की क्षेत्रीय संप्रभुता के सवाल पर “आंखें मूंद लीं”. उन्होंने चेतावनी दी कि अर्जेंटीना अब संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की कार्रवाई का इंतजार नहीं करेगा और “अपने हाथों में मामले लेने” के लिए तैयार है.
मिलिए ने नॉर्थ फॉकलैंड बेसिन में चल रही Sea Lion तेल परियोजना को भी निशाना बनाया. उन्होंने इस क्षेत्र के संसाधनों का दोहन “अवैध विदेशी कब्जे” के तहत किया जा रहा गैरकानूनी कार्य बताया. अर्जेंटीना सरकार ने इस महीने परियोजना से जुड़े 60 से अधिक लोगों और कंपनियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है.
यह परियोजना फॉकलैंड द्वीप समूह की सरकार द्वारा स्वीकृत विकास और उत्पादन योजनाओं पर आधारित है. इसमें इजरायल स्थित एक ऊर्जा कंपनी और लंदन में सूचीबद्ध तेल एवं गैस खोज कंपनी की साझेदारी है.
संयुक्त राष्ट्र आधिकारिक तौर पर न तो ब्रिटेन और न ही अर्जेंटीना की संप्रभुता को मान्यता देता है. उसका कहना है कि द्वीपों की स्थिति विवादित है और इसका समाधान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता से होना चाहिए. 1976 के एक UN प्रस्ताव का हवाला देते हुए अर्जेंटीना ब्रिटेन पर एकतरफा कार्रवाई से परहेज करने की अपील का उल्लंघन करने का आरोप लगाता है.
1982 के युद्ध के बाद भी विवाद कायम
फॉकलैंड द्वीपों को लेकर 1982 में अर्जेंटीना और ब्रिटेन के बीच 74 दिन का युद्ध हुआ था. इसमें 649 अर्जेंटीनी सैन्यकर्मी, 255 ब्रिटिश सैन्यकर्मी और तीन द्वीपवासी मारे गए थे.
2013 में हुए जनमत संग्रह में 92 प्रतिशत मतदान हुआ और 99.8 प्रतिशत मतदाताओं ने ब्रिटिश क्षेत्र बने रहने के पक्ष में मतदान किया. मिलिए का कहना है कि आत्मनिर्णय का सिद्धांत यहां लागू नहीं होना चाहिए, क्योंकि मौजूदा आबादी को कथित तौर पर कब्जा करने वाली शक्ति ने बसाया है. ब्रिटेन इस तर्क को स्वीकार नहीं करता और द्वीपवासियों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता है.
