पाकिस्तान के कराची में चीनी इंजीनियरों को ले जा रही गाड़ी पर हुए हमले के मामले में आतंकवाद निरोधक अदालत ने आरोपी दाद बख्श को कुल 48 साल की जेल की सजा सुनाई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अदालत ने उस पर 7 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया है.

यह मामला 28 जुलाई 2021 का है. कराची के गुलबाई इलाके के पास चीनी इंजीनियरों की गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी. इस हमले में एक चीनी इंजीनियर घायल हुआ था. अभियोजन पक्ष का आरोप था कि दाद बख्श और उसके साथियों ने गाड़ी पर गोलीबारी की.

अदालत ने घायल इंजीनियर को 8.5 लाख पाकिस्तानी रुपये का मुआवजा देने का भी आदेश दिया. फैसले में कहा गया कि अभियोजन पक्ष ने उपलब्ध सबूतों के जरिए आरोपी की भूमिका साबित की.

अदालत के मुताबिक, विदेशी नागरिकों पर हमला राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व का मामला है. फैसले में कहा गया कि चीनी नागरिक पाकिस्तान में द्विपक्षीय समझौतों के तहत राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं पर काम कर रहे थे. अदालत ने हमले के पीछे विदेशी नागरिकों के खिलाफ नफरत फैलाने, अशांति पैदा करने और हिंसा को बढ़ावा देने का मकसद बताया.

इस घटना के बाद काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने दाद बख्श के खिलाफ दो मामले दर्ज किए थे. मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को अदालत ने फिलहाल लंबित रखने का आदेश दिया है.