पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री और Asia Society के अध्यक्ष केविन रुड ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के प्रति राय “बेहद सकारात्मक” है. उनके अनुसार, यह राजनीतिक माहौल भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में नई दिल्ली के लिए लाभकारी हो सकता है.
रुड ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ और बाजार पहुंच को लेकर बातचीत जारी है. हालांकि, अंतिम निर्णय दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के राजनीतिक फैसले पर निर्भर करेगा.
रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत की भूमिका
रुड ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के कूटनीतिक प्रयासों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि मोदी का रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सामने सीधे शांति का मुद्दा उठाना सही था. उनके मुताबिक, संघर्ष के समाधान में पुतिन की कूटनीतिक समझौते की तैयारी निर्णायक होगी.
रुड ने यह भी कहा कि टिकाऊ शांति केवल युद्धविराम से हासिल नहीं होगी. यूक्रेन को भविष्य के संघर्ष से बचाने के लिए विश्वसनीय सुरक्षा गारंटी की जरूरत होगी. उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर की विभिन्न देशों के साथ सक्रिय कूटनीतिक बातचीत की भी सराहना की.
