उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की सार्वजनिक मौजूदगी की तस्वीरें सामने आने के बाद उनकी मौत से जुड़ी सोशल मीडिया अफवाहों पर विराम लगता दिख रहा है. उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने बताया कि किम 19 अक्टूबर को राष्ट्रीय परिधान और जूता प्रदर्शनी में पहुंचे थे. तस्वीरों में उन्हें अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए दिखाया गया है.
यह घटनाक्रम उन दावों के बाद सामने आया, जिनमें कहा गया था कि किम को गंभीर ब्रेन हैमरेज हुआ, वह कोमा में चले गए और इलाज के लिए बीजिंग ले जाए गए. ये दावे अमेरिका में रह रहे चीनी असंतुष्ट वानजुन शी की सोशल मीडिया पोस्ट से फैले, लेकिन उनके समर्थन में कोई स्वतंत्र प्रमाण, प्रत्यक्षदर्शी या आधिकारिक पुष्टि नहीं दी गई.
दक्षिण कोरियाई समाचार एजेंसी Yonhap के अनुसार, उत्तर कोरियाई सरकारी मीडिया ने किम की प्रदर्शनी यात्रा की सूचना दी है. विशेषज्ञों और निगरानी संस्थाओं ने भी मौत की खबरों को अपुष्ट बताया है. किम की बहन किम यो-जोंग के सत्ता संभालने से जुड़े दावे भी इसी अफवाह-श्रृंखला का हिस्सा हैं.
