यूक्रेन की राजधानी कीव में सोमवार को रूसी ड्रोन हमलों नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज की ऐतिहासिक इमारत और पास के एक निजी चिकित्सा केंद्र को निशाना बनाया. कीव के मेयर विताली क्लित्स्को के अनुसार अकादमी पर हुए हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई और तीन लोग घायल हुए. चिकित्सा केंद्र पर हुए अलग हमले में भी कम से कम एक व्यक्ति के मारे जाने की जानकारी है.

हमले के बाद अकादमी की इमारत में आग लग गई. सामने आए दृश्यों में लोग पहली और दूसरी मंजिल की खिड़कियों से बाहर निकलते दिखाई दिए. 19वीं सदी की यह इमारत जर्मन दूतावास, राष्ट्रीय ओपेरा, सेंट वोलोदिमिर कैथेड्रल और कई सरकारी इमारतों के पास स्थित है. घायलों को अस्पताल ले जाया गया.

राष्ट्रीय अकादमी के अध्यक्ष अनातोली ज़ागोरोदनी ने कहा कि विस्फोट के समय इमारत में कई कर्मचारी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि अकादमी सैन्य संस्थान नहीं है और इसे विज्ञान पर हमला बताया. उन्हें कुछ सहकर्मियों के अंदर फंसे होने की आशंका भी थी. हमले में अकादमी के प्रथम उपाध्यक्ष और पूर्व वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी वोलोदिमिर होरबुलिन के घायल होने की भी जानकारी दी गई है.

दिन में बढ़े ड्रोन हमले

पिछले एक सप्ताह में कीव में मिसाइलों और जेट-इंजन वाले ड्रोन से अपार्टमेंट, कार्यालय, गोदाम और डेटा सेंटर प्रभावित हुए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में लगभग रोजाना नागरिकों के मारे जाने या घायल होने की घटनाएं हुई हैं. नए जेट-चालित ड्रोन पुराने Shahed या Geran-2 मॉडलों की तुलना में तेज हैं और उन्हें रोकना कठिन माना जाता है. यूक्रेन ऐसे ड्रोन को मार गिराने वाले इंटरसेप्टर विकसित करने की कोशिश कर रहा है.

रूस ने दिन के समय हमले भी बढ़ाए हैं, जिससे लोग लंबे समय तक हवाई हमले की चेतावनी के बीच रहने को मजबूर हैं. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से रूस पर दबाव बढ़ाने की अपील की. वहीं, क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि यूक्रेन को हाल के महीनों में रूस के भीतर किए गए हमलों की कीमत चुकानी होगी.

यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से में पोलैंड की सीमा के पास भी एक रूसी जेट-चालित ड्रोन गिरने की सूचना है. इसके बाद पोलैंड के ल्यूबलिन क्षेत्र में संभावित हवाई हमले को लेकर चेतावनी जारी की गई.