अमेरिका और कनाडा के बीच लेक ओंटारियो के नाम को लेकर जुबानी टकराव तेज हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासनिक आदेश के बाद अमेरिकी संघीय एजेंसियों को इस झील के लिए ‘लेक अमेरिका’ नाम इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है. इसके जवाब में ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने ग्रिम्स्बी के पास ‘लेक ओंटारियो. अब और हमेशा’ लिखा एक विशाल बोर्ड लगवाया है.
द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, फोर्ड ने कहा कि कनाडा और ओंटारियो अपने हितों के लिए आवाज उठा रहे हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति के जाने के बाद भी झील का नाम लेक ओंटारियो ही रहेगा. उन्होंने एक अमेरिकी टीवी कार्यक्रम में ट्रंप के आदेश की तुलना कॉमेडी शो ‘सैटरडे नाइट लाइव’ जैसी स्थिति से की और कहा कि कोई भी इसे ‘लेक ऑफ अमेरिका’ नहीं कहेगा.
अमेरिकी आदेश और मैप्स पर नाम का असर
ट्रंप ने गुरुवार को एक कार्यकारी आदेश जारी कर अमेरिकी सरकारी एजेंसियों को झील का नाम ‘लेक अमेरिका’ इस्तेमाल करने को कहा. इस आदेश का असर अमेरिकी सरकार के आधिकारिक भौगोलिक नामों के डेटाबेस और संघीय नक्शों पर पड़ना है.
रिपोर्ट के अनुसार, गूगल मैप्स ने अमेरिकी उपयोगकर्ताओं के लिए नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ कर दिया है. कंपनी ने कहा कि वह आधिकारिक सरकारी स्रोतों में दर्ज नामों में बदलाव को दर्शाने की नीति अपनाती है. हालांकि, गूगल के मुताबिक कनाडा में उपयोगकर्ताओं को ‘लेक ओंटारियो’ ही दिखाई देगा, जबकि अमेरिका और कनाडा से बाहर के उपयोगकर्ताओं को दोनों नाम दिखाए जा सकते हैं.
इस बदलाव से कनाडा की आधिकारिक naming convention पर कोई असर नहीं पड़ता. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने नाम बदलने को स्पष्ट रूप से खारिज किया है. उनके अनुसार, ‘ओंटारियो’ नाम मूल वेंडैट भाषा के एक शब्द से निकला है, जिसका अर्थ झील की सुंदरता या महानता से जुड़ा है और यह नाम 400 साल से अधिक पुराना है.
व्यापार विवाद के बीच बढ़ा राजनीतिक प्रदर्शन
नाम को लेकर विवाद ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार वार्ता अटकी हुई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका ने कनाडाई स्टील पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया है और ओटावा ने इसके जवाब में प्रतिशोधी शुल्क लगाए हैं. इसी व्यापक तनाव के बीच झील का नाम दोनों देशों के राजनीतिक संदेशों का सार्वजनिक प्रतीक बन गया है.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी साझा किए जिनमें ‘लेक ओंटारियो’ का बोर्ड गिराकर ‘लेक अमेरिका’ का बोर्ड लगाया जाता दिखाया गया. एक अन्य AI-निर्मित वीडियो में कनाडा के हंसों को ट्रंप जैसे सुनहरे बालों और राइफलों के साथ दिखाया गया. रिपोर्ट के अनुसार, एक वीडियो में ट्रंप ‘YMCA’ गाने पर नाचते हुए भी नजर आए.
कनाडा में इस कदम की आलोचना केवल राजनीतिक नेताओं तक सीमित नहीं रही. मैनिटोबा के प्रीमियर वाब किनेव ने इसे ट्रंप के समर्थकों के लिए पुराने राजनीतिक संदेश को दोहराने की कोशिश बताया. वेंडैट नेशन के ग्रैंड चीफ पियरे पिकार्ड ने कहा कि यह कदम मूल निवासियों के इतिहास, संस्कृति और पहचान को मिटाने की कोशिश जैसा है.
लेक ओंटारियो उत्तरी अमेरिका की पांच ग्रेट लेक्स में शामिल है. सतह क्षेत्रफल के लिहाज से यह इन पांच झीलों में सबसे छोटी है. कनाडा और अमेरिका दोनों से जुड़ी इस झील का नाम बदलने का अमेरिकी प्रशासनिक फैसला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल होने वाले नाम को तुरंत नहीं बदलता, लेकिन इससे दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव और सार्वजनिक बहस जरूर बढ़ गई है.
