फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कनाडा को यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’ बनाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है. यह पहल कनाडा और यूरोप के बीच आर्थिक, राजनीतिक और रणनीतिक सहयोग को मौजूदा व्यापार संबंधों से आगे ले जाने की कोशिश मानी जा रही है.
कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने 17 सितंबर 2026 को यूरोपीय संसद में अपने संबोधन में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन के प्रस्ताव का स्वागत किया था. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कनाडा पूर्ण EU सदस्यता नहीं चाहता और किसी भी समझौते में देश की संप्रभुता बरकरार रहनी चाहिए. प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के बाद कनाडा की संसद में उस पर मतदान भी होना होगा.
‘एसोसिएट सदस्यता’ EU की मौजूदा संधियों में पहले से परिभाषित दर्जा नहीं है. इसलिए इसके तहत एकल बाजार तक पहुंच, नियमों के अनुपालन और लोगों के आने-जाने जैसे मुद्दों पर अभी बातचीत होनी बाकी है.
कार्नी का यूरोप की ओर रुख ऐसे समय में बढ़ा है जब कनाडा और अमेरिका के बीच व्यापारिक और राजनीतिक तनाव सामने आए हैं. मैक्रों और कार्नी ने 20 सितंबर को फ्रांसीसी क्षेत्र सेंट-पियरे और मिकेलॉन में मुलाकात कर कनाडा-यूरोप संबंधों को मजबूत करने की योजनाओं पर चर्चा की.
