वेनेजुएला की विपक्षी नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरीना मचाडो ने करीब एक साल निर्वासन में रहने के बाद देश लौटने की घोषणा की है. उन्होंने रविवार दोपहर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैं यहां हूं. आपके साथ.”
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मचाडो को वेनेजुएला के लारा राज्य की राजधानी बारकिसिमेतो में देखा गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में वह ‘सैंक्चुअरी ऑफ द डिवाइन शेफर्डेस’ नामक चर्च में समर्थकों से घिरी नजर आईं. उनकी वापसी किस तरह हुई, यह तत्काल स्पष्ट नहीं था.
निर्वासन में रह रहे उनके करीबी सहयोगी एडमुंडो गोंजालेस ने भी मचाडो के वेनेजुएला पहुंचने की पुष्टि की. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे देशवासियों के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया और कहा कि मचाडो इस प्रक्रिया का नेतृत्व और मार्गदर्शन करेंगी. गोंजालेस ने यह भी कहा कि वह जल्द ही वेनेजुएला लौटेंगे.
मचाडो दिसंबर में देश से बाहर गई थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के महीनों में उन्होंने लौटने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वे सफल नहीं हुईं. उनकी वापसी ऐसे समय हुई है जब देश का अंतरिम शासन डेल्सी रोड्रिगेज के हाथों में है. मचाडो और रोड्रिगेज लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी प्रशासन मचाडो की वापसी को लेकर आशंकित था, क्योंकि इससे रोड्रिगेज के साथ उसके संबंध प्रभावित हो सकते हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मचाडो की वापसी पर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि वह सुरक्षित होंगी.
मचाडो के आंदोलन का दावा है कि उसने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की थी, हालांकि निकोलस मादुरो ने सत्ता हस्तांतरित नहीं की. मचाडो को 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार वेनेजुएला की सत्तावादी सरकार के खिलाफ उनके शांतिपूर्ण संघर्ष के लिए दिया गया था.
