मेक्सिको के सिनालोआ प्रांत में लाइव रिपोर्टिंग के दौरान अचानक गोलीबारी शुरू होने पर एक पत्रकार को कार के पीछे छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 20 नवंबर की रात गुआसावे शहर में हुई.
मेगानोटिसियास लॉस मोचिस के पत्रकार जीसस एड्रियन इबारा इलाके में हुई हिंसा की लाइव रिपोर्टिंग कर रहे थे. वह कैमरे के सामने स्थिति बता ही रहे थे कि उनके पीछे से गोलियों की आवाज आने लगी. इसके बाद वह नीचे झुककर कार की आड़ में चले गए, लेकिन कुछ समय तक कैमरा संभालते हुए मौके की जानकारी देते रहे.
वीडियो में इबारा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उनके पीछे भारी गोलीबारी हो रही है. उन्होंने कैमरा उस दिशा में भी घुमाया, जहां से आवाजें आ रही थीं. पत्रकार ने इलाके के ऊपर सैन्य हेलिकॉप्टर उड़ने की बात बताई और कहा कि एक गोली उनके पास से होकर गुजरी.
स्थिति दोबारा तनावपूर्ण होने पर उन्होंने दर्शकों से कहा कि अब उन्हें सुरक्षित जगह पर छिपना होगा. इसके बाद उन्होंने लाइव रिपोर्टिंग समाप्त कर दी.
गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा
यह घटना सुरक्षा बलों द्वारा फॉस्तो इसिद्रो मेसा फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ में भड़की हिंसा के बीच हुई. मेसा फ्लोरेस को ‘एल चापो इसिद्रो’ के नाम से जाना जाता है. रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद कुछ इलाकों में सुरक्षा बलों और संदिग्ध कार्टेल सदस्यों के बीच गोलीबारी, आगजनी और सड़कें रोके जाने की घटनाएं सामने आईं.
मैक्सिकन अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी अभियान के दौरान चार सैनिकों और सात संदिग्ध हमलावरों की मौत हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मेसा फ्लोरेस अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की 10 मोस्ट वॉन्टेड भगोड़ों की सूची में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी पर अमेरिका ने 50 लाख डॉलर तक के इनाम की घोषणा की थी.
