मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव और वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को तेज उछाल आया. अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 4% बढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. बाद में यह करीब 105.26 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
अमेरिकी WTI क्रूड भी 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया. बाजार आंकड़ों के अनुसार, WTI में करीब 4.15% की तेजी आई और यह 100.04 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा. दोनों प्रमुख बेंचमार्क की कीमतें मई के बाद के उच्चतम स्तरों के करीब रहीं.
तेजी की मुख्य वजह ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष तथा फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जहाजों पर हमलों में बढ़ोतरी बताई जा रही है. इससे कारोबारियों को मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति बाधित होने का डर है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, यमन के मोचा बंदरगाह पर ईरान समर्थित हूती समूह के नियंत्रण ने लाल सागर के समुद्री मार्गों को लेकर भी चिंता बढ़ाई है. ओपेक ने 2026 में वैश्विक तेल मांग बढ़ने का अनुमान घटाकर प्रतिदिन 3.8 लाख बैरल कर दिया है.
