पाकिस्तान के लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े और अमेरिका द्वारा आतंकवादी घोषित मुहम्मद सरवर की रविवार को मौत हो गई. वह पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग की पंजाब इकाई से भी जुड़ा था.

उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, सरवर नमाज के लिए लाहौर स्थित मार्कज कादसिया जा रहा था. इसी दौरान उसके सीढ़ियों से गिरने की बात सामने आई है. कुछ रिपोर्टों में सिर पर गंभीर चोट को मौत की वजह बताया गया, लेकिन उसकी मौत का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं है.

सरवर को अबू हाशिम के नाम से भी जाना जाता था. रिपोर्टों में उसे लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ पदाधिकारी और संगठन की आर्थिक गतिविधियों से जुड़ा व्यक्ति बताया गया है.

उसका अंतिम संस्कार लाहौर के चूबरजी इलाके में स्थित जामिया अल-कादसिया में रविवार देर रात किए जाने की सूचना थी. यह परिसर जमात-उद-दावा से जुड़े ढांचे के रूप में जाना जाता है.

अमेरिकी वित्त विभाग ने 2016 में सरवर को विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी की सूची में शामिल किया था. उसके खिलाफ कार्रवाई लश्कर-ए-तैयबा के लिए धन जुटाने और सहायता नेटवर्क से जुड़े आरोपों के आधार पर की गई थी.