पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के नई दिल्ली पहुंचने पर भारतीय अधिकारियों की मौजूदगी नहीं होने का दावा सामने आया था. हालांकि, उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह दावा सही नहीं है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय संस्कृति मंत्रालय के एक निदेशक और विदेश मंत्रालय के पाकिस्तान-अफगानिस्तान-ईरान प्रभाग के एक अवर सचिव हवाई अड्डे पर स्वागत प्रोटोकॉल के तहत मौजूद थे. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि SCO के सभी सदस्य देशों से आने वाले प्रतिनिधियों को समान स्तर का प्रोटोकॉल दिया जा रहा है.

मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित पहले Shanghai Cooperation Organisation (SCO) Civilisational Dialogue Forum में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वह सभ्यताओं के बीच संवाद, कूटनीति में इसकी भूमिका और पाकिस्तान की सांस्कृतिक विरासत पर अपना पक्ष रखेंगे.

मलिक का दौरा 2023 के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा है. यह यात्रा द्विपक्षीय वार्ता के बजाय SCO के बहुपक्षीय कार्यक्रम के तहत हो रही है. हवाई अड्डे पर उनका स्वागत पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने भी किया था.