2026 के अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में मतदान पृथ्वी की कक्षा तक पहुंच गया. इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर मौजूद NASA के तीन अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष से अपना मत डाला. इनमें अनिल मेनन, जेसिका वॉटकिंस और ल्यूक डेलाने शामिल हैं.
मेनन ने 3 नवंबर को साझा किए गए एक वीडियो में अपनी मतदान प्रक्रिया की झलक दिखाई. उन्होंने स्टेशन के उसी छोटे हिस्से में कंप्यूटर के जरिए इलेक्ट्रॉनिक मतपत्र भरा, जिसका इस्तेमाल उनके सोने के स्थान के रूप में होता है. उनका मतपत्र हैरिस काउंटी, टेक्सास के चुनाव अधिकारियों को भेजा गया.
NASA के अनुसार, अंतरिक्ष यात्री Federal Post Card Application के जरिए अनुपस्थित मतपत्र का अनुरोध कर सकते हैं. स्टेशन पर मतपत्र पूरा होने के बाद उसे NASA के Near Space Network के जरिए पृथ्वी पर भेजा जाता है. यह नेटवर्क ISS और पृथ्वी के बीच अन्य संचार के लिए भी इस्तेमाल होता है.
मतपत्र पहले Tracking and Data Relay Satellite System से होकर न्यू मैक्सिको स्थित ग्राउंड एंटीना तक पहुंचता है. इसके बाद इसे ह्यूस्टन स्थित Mission Control भेजा जाता है, जहां से संबंधित काउंटी क्लर्क के कार्यालय तक पहुंचाया जाता है. NASA का कहना है कि मतपत्र एन्क्रिप्टेड रहता है और उसे केवल संबंधित अंतरिक्ष यात्री तथा चुनाव अधिकारी ही देख सकते हैं.
कक्षा से मतदान की यह व्यवस्था नई नहीं है. टेक्सास के कानून निर्माताओं ने 1997 में अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की कक्षा से मतदान की अनुमति दी थी. उसी वर्ष NASA के अंतरिक्ष यात्री डेविड वुल्फ रूस के Mir अंतरिक्ष स्टेशन से मतदान करने वाले पहले अमेरिकी बने थे.
