नेपाल के बैतड़ी जिले में भारत-नेपाल को जोड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर लगाए गए एक स्वागत बैनर को लेकर विवाद हो गया. बैनर पर ‘नेपाल हिंदू राष्ट्र में स्वागत’ लिखा था. नेपाल सशस्त्र बल की आपत्ति के बाद पहले ‘हिंदू राष्ट्र’ शब्दों को पेंट से ढका गया और बाद में बैनर को पुल से हटवा दिया गया.

यह बैनर बैतड़ी जिले के दशरथ चंद नगरपालिका-8 स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में 17 और 18 नवंबर को होने वाले वार्षिक मेले के लिए लगाया गया था. मंदिर समिति के संरक्षक प्रकाश सिंह थापा के अनुसार, श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए यह बैनर लगाया गया था. उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से इसी तरह का बैनर लगाया जा रहा था, लेकिन इस बार पहली बार आपत्ति जताई गई.

झूलाघाट बीओपी के इंस्पेक्टर अनिल सुबेदी ने कहा कि नेपाल का संविधान देश को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय पुल पर ‘हिंदू राष्ट्र’ लिखकर बैनर लगाना नियमों के अनुरूप नहीं है. कार्रवाई के बाद बैनर को नेपाल सीमा के भीतर एक पीपल के पेड़ पर लगाए जाने की बात कही गई है.

संगठन ने कार्रवाई का विरोध किया

बैनर हटाए जाने के बाद नेपाल को फिर हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग कर रहे शाही युवा शक्ति संगठन ने विरोध जताया. संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष पशुपति खड़का ने कहा कि देशभर में इस मांग को लेकर अभियान चल रहा है और मेले के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि अभियान में अब तक 47 लाख से अधिक हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं. यह संख्या संगठन के दावे पर आधारित है.

मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर का मेला स्थानीय रूप से ‘जात’ कहलाता है. पहले दिन छोटी जात और दूसरे दिन बड़ी जात आयोजित होगी. इसमें नेपाल के अलावा भारत के सीमावर्ती इलाकों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. झूलाघाट क्षेत्र काली नदी के किनारे भारत के उत्तराखंड स्थित पिथौरागढ़ जिले से जुड़ा है.