नेपाल ने हिमनदों से बनी चार झीलों का जलस्तर घटाने की योजना बनाई है. इसका उद्देश्य झीलों के संभावित टूटने से आने वाली बाढ़ का खतरा कम करना है. परियोजना से नेपाल के साथ भारत के बिहार में भी बाढ़ का जोखिम घटने की उम्मीद जताई गई है. इसे अगस्त में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ जैसी तबाही की आशंका कम करने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है.

नेपाल सरकार ने मनांग जिले की थुलागी, संखुवासभा की लोअर वरुण और होंगु-2 तथा सोलुखुम्बु की लुमदिंग झीलों को इस काम के लिए चुना है. ये झीलें समुद्र तल से लगभग 4,050 से 5,483 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं. योजना के तहत होंगु-2 का जलस्तर एक मीटर, जबकि थुलागी, लोअर वरुण और लुमदिंग का जलस्तर तीन-तीन मीटर घटाया जाएगा.

नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जाएगा

झीलों के किनारे पानी निकालने के लिए नहरें बनाई जाएंगी और उनमें गेट लगाए जाएंगे. पानी को धीरे-धीरे नदियों में छोड़ा जाएगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, निर्माण में विस्फोटकों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा और मजदूरों की मदद के साथ तकनीकी तरीकों से काम किया जाएगा.

परियोजना की कुल अनुमानित लागत 474 करोड़ रुपये है. इसमें ग्रीन क्लाइमेट फंड 343 करोड़, नेपाल सरकार 107 करोड़, UNDP 20 करोड़ और निजी क्षेत्र तीन करोड़ रुपये देगा. ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम के कारण साल में केवल पांच-छह महीने काम संभव होने से परियोजना को 2033 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

इन झीलों में से तीन का पानी कोशी और गंडकी नदी तंत्र में पहुंचता है. दोनों नदियां बिहार से होकर गुजरती हैं, इसलिए बाढ़ की स्थिति में वहां की बस्तियों, खेती और सड़क जैसी सुविधाओं पर असर पड़ सकता है. हालांकि, परियोजना से जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं होगा. अनुमान के मुताबिक इससे नेपाल में 38 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिल सकता है और संभावित आर्थिक नुकसान में 212 करोड़ रुपये तक की कमी आ सकती है.